
अलग अलग हुए सड़क दुर्घटना में फुलवरिया के युवक सहित तीन घायल
फुलवरिया (हथुआ न्यूज़): फुलवरिया थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर अलग-अलग घटित सड़क दुर्घटना में बाइक सवार फुलवरिया के युवक सहित मां बेटा घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय रेफरल अस्पताल फुलवरिया में दाखिल कराया गया। जहां स्थिति नाजुक देख डॉक्टरों ने सदर अस्पताल गोपालगंज के लिए रेफर कर दिया। शनिवार की देर शाम घटित घटना के बारे में थानाध्यक्ष रामबाबू राम ने बताया कि फुलवरिया गांव के निवासी स्वर्गीय सदईं बैठा का लड़का जालंधर बैठा अपने बाइक पर सवार होकर जमुनहा बाजार की तरफ से वापस घर आ रहा था कि उसकी बाइक बाबा भूतनाथ कॉलेज के समीप मुख्य सड़क पर अनियंत्रित होकर
सड़क के किनारे एक पेड़ से टकरा गई। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। वही डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक इलाज करने के बाद सिवान हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। वहीं दूसरी घटना संग्रामपुर रायमल गांव के समीप मुख्य सड़क पर उस समय घटी जब संग्रामपुर रायमल गांव के निवासी अलाउद्दीन मियां की पत्नी नूर तारा खातून अपने पुत्र सेराज अहमद के साथ स्कूटी बाइक पर सवार होकर लाइन बाजार की तरफ जा रही थी कि अचानक तेज गति से मीरगंज की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने रौंद डाला। जहां दोनों मां बेटे गंभीर रुप से घायल हो गए। वही बाइक के परखचे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही फुलवरिया पुलिस घटना स्थल पर पहुंची, जहां दोनों घायल मां बेटा को स्थानीय रेफरल अस्पताल फुलवरिया में दाखिल कराई। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक इलाज करने के बाद स्थिति नाजुक देख सदर अस्पताल गोपालगंज के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज चल रहा है।