
बेगूसराय में 47 मिनट तक 30 किलोमीटर के दायरे में अपराधी गोलियां बरसाते हुए निकल गये, पुलिस मुंह ताकती रही।
बेगूसराय (हथुआ न्यूज़): बेगूसराय में मंगलवार को दो साइको शूटर्स ने बीच सड़क करीब 47 मिनट तक खूनी खेल खेला और बिहार की हाईटेक निकम्मी पुलिस को इसकी भनक तक नही लगी। बाइक सवार दो अपराधियों के सामने जो आया वो उसे गोली मारते चले गए। इन दोनों अपराधियों ने 30 किलोमीटर के दायरे में 11 लोगों को गोली मार दी। इनमें से एक की मौत हो गई है, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हैं। सरेआम आतंक मचाने वाले दोनों शूटर्स का सीसीटीव फुटेज सामने आया है।
प्रदेश के बेगूसराय में 11 लोगों को गोली मारने वाले शूटर्स का सीसीटीवी फुटेज पुलिस की तरफ से अब जारी किया गया है। इसमें दोनों एक बाइक पर सवार दिख रहे हैं। फुटैज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बाइक चला रहे साइको शूटर्स ने हेलमेट पहन रखा है जबकि उसके पीछे बैठे अपराधी ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा है। इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बेखौफ आगे बढ़ते दिख रहे हैं।
47 मिनट में 11 लोगों को मारी गोली
साइको शूटर्स ने शाम पांच बजे बछवाड़ा थाना क्षेत्र सबसे पहले नीतीश कुमार को गोली मारी, उसके बाद 5 बजकर तीन मिनट पर गौतम कुमार को गोली मार दी। उसके बाद दोनों तेघड़ा थाना क्षेत्र पहुंचे और वहां 5.15 बजे आधारपुर गांव के विशाल सोलंकी और 5.20 बजे अयोध्या चौक पर दीपक कुमार को गोली मार दी। साइको शूटर्स वारदात को अंजाम देकर बेखौफ आगे बढ़ते गए और पांच बजकर 5.30 बजे फुलवड़िया थाना के बगडराहाडीह में राेहित कुमार को गोली मारी उसके बाद 5.34 मिनट पर पीपरा देवस के चंदन कुमार को गोली मारी। गोली लगने से चंदन की मौत हो गई। उसके बाद दोनो चकिया ओपी पहुंचे और यहां पर पांच लोगों को गोली मार दी। 5.40 बजे मल्हीपुर में जितो पासवान, 5.41 बजे अभिषेक कुमार, 5.46 बजे थर्मल के पास भरत यादव, प्रशांत कुमार रजक और रंजीत यादव को गोली मारकर भाग निकले।
वारदात को अंजाम देने के बाद पटना की और भागे शूटर्स
जानकारी के मुताबिक बेगूसराय में 11 लोगों को गोली मारने के बाद दोनों साइको शूटर्स राजेन्द्र पुल होते हुए पटना के मोकाम की तरफ भाग निकले। इस बात की सूचना मिलने के बाद पटना एसएसपी ने मोकामा , हाथिदह और बाढ़ पुलिस चेक पोस्ट को सतर्क कर दिया है। इन इलाकों में पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रहने के कहा गया है।
बेगूसराय में सनकी बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा बछवाड़ा से लेकर चकिया तक के 40 किलोमीटर की दूरी तक गोलीबारी करने के बाद सुरक्षित बेगूसराय की सीमा से निकल जाने के बाद बेगूसराय पुलिस के 24 घंटे गश्ती व उसकी जीपीएस मानिटरिंग के दावे खोखले साबित हुए हैं। बछवाड़ा से राजेंद्र पुल तक पहुंचने में बाइक सवार अपराधियों को कम से कम 60 मिनट का समय लगा होगा लेकिन एक घंटे में भी तीन थाना व आधा दर्जन ओपी पुलिस बाइक सवार अपराधियों को नहीं पकड़ सकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार दोनों बदमाश सिमरिया स्थित राजेंद्र पुल पार करते हुए पटना जिला की सीमा में प्रवेश कर गए।