
छठ घाट सज-धज कर तैयार, आज डूबते सूर्य को दिया जाएगा अर्ध्य
गोपालगंज (हथुआ न्यूज़) : बिहार का विख्यात आस्था का महापर्व छठ आज धूमधाम से भारत ही नही बल्कि विदेशों में भी पूरे आस्था व नियम के साथ मनाया जा रहा है। इसके लिए घाटों की साफ-सफाई की जा चुकी है। आस्था से जुड़े इस पर्व के लिए सभी लोग जातिगत, राजनीतिक मनमुटाव, भेदभाव को दरकिनार करते हुए मिलजुल कर सिरशोभीते की रंगाई पुताई, घाटों की साफ-सफाई कर रहे है। आज एक ही घाट पर उच्च- नीच, अमीर-गरीब, छोटे-बड़े का भेद भुलाकर परिवार व समाज के लिए सूर्यदेव से सुख-समृद्धि की मंगलकामना करेंगे। यह संसार का शायद एकलौता पर्व है जो सभी को आस्था के एक सूत्र में बांधता है।आज पर्व के तीसरे दिन कार्तिक शुक्ल षष्ठी को छठ का महत्वपूर्ण दिन है। इसे डाला छठ के नाम से भी जाना जाता है। सूर्यदेव के तेज से शोभित छठ पूजा का ये त्योहार बीते 8 नवम्बर को शुरू हुआ था। वहीं
बुधवार को शाम के समय डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जायेगा। सूर्य षष्ठी का यह व्रत संतान की लंबी आयु, अच्छी सेहत, पारिवारिक सुख-समृद्धि और मान-सम्मान हेतु किया जाता है। छठ के तीसरे दिन शाम को बांस की टोकरी में फलों, ठेकुआ, चावल के लड्डू आदि से अर्घ्य का सूप सजाया जाता है, जिसके बाद व्रती अपने परिवार के साथ सूर्य को अर्घ्य देती हैं। इसके साथ ही चौथे दिन सुबह उगते हुए सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जायेगा और अर्घ्य देने के बाद व्रत का
पारण किया जायेगा। शाम के समय भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सूर्यास्त का समय शाम 5 बजकर 30 मिनट पर है और छठ पूजा के चौथे दिन सूर्योदय का समय सुबह 6 बजकर 41 मिनट पर है।
सावधानियां
कोरोना अभी खत्म नही हुआ है अतः कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए प्रवासी लोग अपने अपने घरों को लौटे है अतः संक्रमण से सतर्कता जरूरी है। भीड़भाड़ में मास्क का प्रयोग जरूर करे साथ ही कोरोना के दोनों टीके अवश्य लगवाये तथा इसके लिए दूसरों को भी प्रेरित करे। लोगो की सुविधा के लिए गोपालगंज के सभी प्रखंडों में कोरोना टीकाकरण के लिए 9 टू 9 साइट बनाया गया है जहाँ आप सुबह 9 सजे से रात्रि 9 तक टीका ले सकते है। सुख-समृद्धि, दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य के लिए आस्था के साथ-साथ सजगता भी जरूरी है।